Hits: 122
मृत्युंजय कुमार, भगवानपुर (बेगूसराय)। तेयाय ओपी क्षेत्र के काजीरसलपुर पंचायत स्थित रघुनंदनपुर गांव में अचानक ठनका गिरने से तीन स्कूली मासूम बच्चों की मौत तत्क्षण घटना स्थल पर ही हो गयी। जिसमे रघुनंदनपुर निवासी दिलीप चैधरी के लगभग 10 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, राजकुमार सिंह के लगभग 12 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार एवं टुनटुन साह के 11 वर्षीय पुत्र दाता राम कुमार शामिल हैं।
इस सम्बन्ध में मृतक शुभम कुमार के पिता दिलीप चौधरी ने बताया कि उक्त तीनों लड़का घर से खेलने के लिए बगल के ही महि बाबा स्थान गया था, लगभग दोपहर 1 बजे दिन में तीनों लड़का पीपल पेड़ के निचे खेल रहा था अचानक वर्षा के साथ ठनका गिर जाने से तीनों बच्चे की मौत हो गयी।
जब इस घटना की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी तो परिजनों एवं ग्रामीणों में कोहराम मच गया। इस घटना की सुचना पा कर बी डी ओ अजय कुमार, सी ओ कुमार नलिनीकान्त, तेयाय ओपी प्रभारी धर्मेन्द्र पाल, भगवानपुर पुलिस, जिला पार्षद पंकज पासवान, उप प्रमुख अजय कुमार सिंह, मुखिया प्रणव भारती, पैक्स अध्यक्ष आनंद कुमार, सरपंच हरिकांत चौधरी पंहुच कर मृतक परिवार को सांत्वना दी और इस घटना को दुर्भाग्य पूर्ण बताया।
इधर तेयाय ओपी प्रभारी ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्तपाल बेगूसराय भेज दिया। इस घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गयी तथा मृतको के परिजनों के क्रंदन से पूरा क्षेत्र का वातावरण गमगीन हो गया। मृतक के आश्रितों को मुखिया प्रणव भारती के कबीर अंत्योष्टि योजना से तीन तीन हजार रुपया दिया। वहीं बी डी ओ अजय कुमार, सी ओ कुमार नलिनीकान्त ने कहा की आपदा के तहत मृतक के तीनों परिजनों को चार चार लाख रूपये दिए जायेगें।